ग्राम गोगवन में कोटे की दुकान पर बड़ा खेल!
मशीन बंद होने का बहाना बनाकर गरीबों का राशन बेचने का आरोप, प्रशासन मौन
कैराना तहसील के ग्राम गोगवन (जिला शामली) में कोटे की दुकान पर बड़े घोटाले के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार साजिद नामक व्यक्ति लंबे समय से सरकार और जनता दोनों के साथ धोखाधड़ी करता आ रहा है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार कोटेदार साजिद द्वारा बार-बार मशीन खराब होने और सर्वर बंद होने का बहाना बनाकर गरीबों को मिलने वाला सरकारी राशन बाजार में बेच दिया जाता है। आरोप है कि पात्र लोगों को पूरा राशन नहीं दिया जाता, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में पूरा वितरण दिखा दिया जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कोटे में गड़बड़ी और घपले की शिकायतें की गई थीं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते कोटेदार पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर से वही खेल खुलेआम दोहराया जा रहा है।
योगी सरकार की गाइडलाइन की खुलेआम धज्जियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त गाइडलाइन है कि गरीबों के हक के राशन में कोई गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, लेकिन शामली जिले में इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार बेखौफ होकर राशन की कालाबाजारी कर रहा है और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
ग्रामीणों ने उठाई जांच और कार्रवाई की मांग
गांव के लोगों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि कोटेदार साजिद के खिलाफ तत्काल जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर उसका लाइसेंस रद्द किया जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि
क्या शामली प्रशासन गरीबों के हक की लूट पर कार्रवाई करेगा या फिर कोटेदार को संरक्षण मिलता रहेगा?