
पुलिस अधीक्षक राम सेवक ने पुलिस लाइन शामली का किया निरीक्षण, एडिशनल एसपी संतोष कुमार सिंह के सराहनीय कार्यों की प्रशंसा
शामली। पुलिस अधीक्षक शामली श्री राम सेवक द्वारा गुरुवार को पुलिस लाइन शामली का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड पर पहुंचकर पुलिस बल द्वारा दी गई सलामी स्वीकार की। तत्पश्चात अर्दली रूम का आयोजन कर पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना और समाधान हेतु आवश्यक दिशा–निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक राम सेवक ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, अनुशासन और व्यवस्था का भी गहनता से जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शामली के एडिशनल एसपी श्री संतोष कुमार सिंह के उल्लेखनीय कार्यों की भी खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में जनहित में कई महत्वपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है। विशेषकर अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और त्वरित कार्यवाही के क्षेत्र में उनकी कुशल रणनीति और संवेदनशील कार्यशैली से पुलिस-जन संवाद और विश्वास को नई मजबूती मिली है। उनके अथक प्रयासों से न सिर्फ शामली जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हुआ है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।